संवाददाता, आवाज़ बेधड़क, अंधराठाढ़ी, प्रशांत कुमार झा
प्रखंड में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंटरनेट मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार निगरानी के दौरान 1 मार्च 2026 को दोपहर एक वायरल तस्वीर संज्ञान में आई, जिसमें युक्क हथियार के साथ दिखाई दे रहा था। इस बारे में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर युक्क की पहचान शिवम कुमार सिंह, पिता धर्मेंद्र सिंह, निवासी पस्टन, थाना अंधराठाढ़ी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और मोबाइल की जांच में वायरल फोटो की पुष्टि भी हो गई। इस संबंध में अंधराठाढ़ी थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन या हिंसा को बढ़ावा देना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

